बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर और उनके पति, राजनेता फहाद अहमद, हाल ही में शुरू हुए नए रियलिटी शो ‘पति पत्नी और पंगा’ का हिस्सा हैं। शो में रुबीना दिलाइक-अभिनव शुक्ला, सुदेश लहरी और उनकी पत्नी के अलावा हिना खान-रॉकी जायसवाल और अविका गौर-मिलिंद चंदवानी समेत कई और जोड़ियां भी हैं। यह शो कितना मज़ेदार होने वाला है, इसकी एक झलक नए प्रोमो में देखने को मिल गई है।

इस दौरान स्वरा भास्कर के पति फहाद अहमद, शो की होस्ट और अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे के साथ छेड़खानी करते नज़र आए। यह देखकर स्वरा भास्कर गुस्से में आ गईं और अपने पति की गर्दन पकड़ ली। मेकर्स ने ‘पति पत्नी और पंगा’ का नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें स्वरा भास्कर, फहाद अहमद और सोनाली बेंद्रे के बीच हुई इस घटना को दिखाया गया है।

दरअसल, सोनाली शो की सभी जोड़ियों के साथ एक गेसिंग गेम खेलती हैं, जिसमें उनसे उनके पार्टनर से जुड़े कुछ सवाल पूछे जाते हैं और दूसरे पार्टनर को सही जवाब देना होता है। प्रोमो में दिखाया गया है कि सोनाली बेंद्रे, फहाद अहमद से पूछती हैं कि स्वरा के मांग टीके में कितने मोती हैं? यह सुनकर फहाद, सोनाली बेंद्रे का हाथ पकड़ते हैं और कहते हैं, ‘मुझे तो बस गुलाबी बिंदी दिख रही है।’

दरअसल, फहाद, सोनाली बेंद्रे की तरफ इशारा कर रहे थे, जिन्होंने गुलाबी साड़ी के साथ गुलाबी बिंदी लगाई हुई थी। फहाद आगे कहते हैं, ‘मैम, आपने इतने प्यार से पूछा कि मुझे स्वरा के बारे में कुछ याद ही नहीं है। मैम, रहने दीजिए।’ यह देखकर स्वरा भास्कर गुस्सा हो जाती हैं और वह फहाद अहमद की गर्दन पीछे से पकड़ लेती हैं। फिर वह उनसे कहती हैं, ‘इसका मतलब है कि जैसे ही उन्होंने लड़की को देखा, उनका दिमाग बंद हो गया।’ स्वरा भास्कर और फहाद अहमद ने 6 जनवरी 2023 को स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अपनी शादी रजिस्टर कराई थी।





